लखनऊ। सर्वांगीण विकास और क्षेत्रीय जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों/विधायकों ने शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान विधायकों ने विभिन्न मांगों और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. सीएम योगी ने सभी की मांगें ध्यानपूर्वक सुनीं और कासगंज जिले के विकास के लिए शासन स्तर से हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया.
कासगंज जनपद की अमापुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हरिओम वर्मा और सदर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह समेत कई जन प्रतिनिधि शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे. सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की और बातचीत के दौरान दोनों विधायकों ने कासगंज जिले में चल रही विकास परियोजनाओं, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़कों के चौड़ीकरण और स्वास्थ्य व शिक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर अपनी राय रखी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों की मांगों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और कासगंज जिले के विकास के लिए शासन स्तर से हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया. सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के हर जिले के संतुलित और तीव्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. कासगंज में विकास कार्यों की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा. इस उच्च स्तरीय मुलाकात के बाद जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है.












