पटना : बिहार की छात्राओं को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है. गुरुवार को पटना के बापू सभागार में ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ किया गया. इस दौरान छात्राओं को लेकर सम्राट चौधरी ने महत्वपूर्ण घोषणा की.
”हम लोगों ने तय किया है कि बॉटम से टॉप (नीचे से ऊपर) तक स्टूडेंट्स से लेकर प्रोफेसर, कर्मचारी वाइस चांसलर तक एक नया विश्वविद्यालय बनाएंगे, जिसे सिर्फ और सिर्फ महिलाएं संचालित करेंगी. सिर्फ महिलाएं ही पदाधिकारी होंगी. पढ़ने वाले से लेकर वीसी तक महिलाएं होंगी. जिससे बिहार की समृद्धि का रास्ता खुल सके.”- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
’21 सालों से हो रहा विकास का काम’ : सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 2005 के बाद से जो सिलसिला शुरू हुआ वह लगातार चल रहा है. 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तत्कालीन वित्त मंत्री सुशील मोदी और कई वरिष्ठ साथियों ने बिहार बदलने की पूरी कल्पना की.
”आज हमें गर्व है कि 2005-06 में अभियान शुरू हुआ, जीविका नाम दिया गया. आज बताते हुए खुशी हो रही है कि सिर्फ जीविका बहनें, पूरे बिहार की अर्थव्यवस्था में 1 लाख 46 हजार करोड़ का पूरी तरह मार्केट देने का काम किया है.”- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
‘परिस्थिति बिल्कुल बदल चुकी’ : मुख्यमंत्री ने कहा कि एक महिला का आत्मविश्वास बढ़ता है तो एक परिवार बदलता है. लाखों बहनों का आत्मविश्वास बढ़ता है तो यह बिहार बदलता है. 2005 से पहले बिहार में महिलाएं उद्योग से नहीं जुड़ीं और महिलाओं का बिहार में अर्थव्यवस्था से कोई लेना-देना नहीं था. अब परिस्थिति बिल्कुल बदल चुकी है.












