मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में चर्चित राणा हाउस पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों ने छापेमारी की. पूर्व सांसद कादिर राणा, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा और उनके भाई पूर्व विधायक शाहनवाज राणा तीनों भाई एक ही जगह रहते हैं. शाहनवाज राणा के शाह टाइम्स अखबार कार्यालय पर भी ईडी की टीमें पहुंची हैं.
ईडी की छापेमारी के मद्देनजर सीआरपीएफ के जवानों की मुख्य गेटों पर तैनात की गई है और परिसर के भीतर किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है. शहर में सोमवार (24 अगस्त) की सुबह उस समय हलचल बढ़ गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमें राणा हाउस और पूर्व विधायक शाहनवाज राणा से जुड़े शाह टाइम्स के कार्यालय पर छापेमारी के लिए पहुंचीं.
सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती
राणा हाउस के बाहर स्थानीय पुलिस के साथ सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है. बता दें कि राणा हाउस में पूर्व सांसद कादिर राणा (समाजवादी पार्टी), पूर्व विधायक नूर सलीम राणा (लोकदल) और पूर्व विधायक शाहनवाज राणा (आजाद पार्टी) के आवास हैं. ED की कार्रवाई इन तीनों में से किसके आवास पर हो रही है या तीनों के परिसरों को जांच के दायरे में लिया गया है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
ED के घेरे में राणा हाउस
ED टीमों के पहुंचने के बाद ही सोमवार को राणा हाउस को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. गेट पर सीआरपीएफ के जवान और स्थानीय पुलिसकर्मियों की भारी तैनाती है. किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति के परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है तो वहीं अंदर मौजूद लोगों के बाहर आने पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है.
शाहनवाज राणा से जुड़े शाह टाइम्स के कार्यालय में भी ED की जांच चल रही है. टीमों की ओर से किन दस्तावेजों या रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इसके अलावा ED की ये पूरी कार्रवाई किस मामले और किन आरोपों से संबंधित है. इसे लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं है.












