लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान पर तीखी टिप्पणी की है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता के संसदीय क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि पिछले दिनों इस रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के एक बयान को पढ़ रहा था. महाराष्ट्र में उन्होंने बयान दिया कि महिलाएं मनुस्मृति के बंधन को तोड़कर अब बाहर आ जाएं.
सीएम ने कहा कि भारत की संसद में विपक्ष के नेता के रूप में आप लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह हैं. आपने संविधान की शपथ ली है. आप भारत की विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं. यूपी के बाहर जाते हैं तो यूपी को अपमानित करते हैं. भारत के बाहर जाते हैं तो भारत को अपमानित करते हैं. आप भारत की सेना के जवानों से प्रमाण मांगते हैं.
उन्होंने कहा कि आप आतंक के खिलाफ देश की लड़ाई में ऐसे लोगों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करते हैं. आपकी पार्टी प्रभु राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करती है. लोकतंत्र के प्रति आपकी कितनी आस्था है, ये इमरजेंसी से पता चलता है.
‘भारत के भविष्य के साथ खिलवाड़ क्यों?’
सीएम ने कहा कि मनु को जानना है तो आप अथर्ववेद पढ़िए, मत्स्य पुराण पढ़िए. मैं पूछना चाहता हूं कि कौन ऐसा व्यक्ति है जिसके जीवन में किसी न किसी रूप में मां के रूप में, बहन के रूप में, पत्नी के रूप में या फिर बेटी के रूप में किसी महिला का संरक्षण उसे न प्राप्त होता हो? जंतर-मंतर में एक बेटी ने पीएम के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया. बाद में बेटी ने भी माफी मांगी. मां-बाप ने भी इस बात को स्वीकार किया कि बेटी ने गलत किया. आप क्यों अर्बन नक्सलों के हाथों भारत की वर्तमान पीढ़ी को बर्बाद करना चाहते हैं? भारत के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ करना चाहते हैं?
उन्होंने कहा कि रायबरेली आपको ढोता तो रहा, लेकिन इस क्षेत्र के सामने इस परिवार ने पहचान का संकट पैदा किया. जब आप भारत की संस्थाओं को अपमानित करते हैं, जब आप पीएम के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हैं, तब आप भारत की एक संस्था को अपमानित करते हैं. पीएम एक व्यक्ति नहीं है, भारत की एक संस्था है.
गैर जिम्मेदाराना हरकतों से बचें- सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भारत की ये संस्थाएं कटघरे में खड़ी होंगी, भारत का हर नागरिक कटघरे में खड़ा होगा. पीएम के खिलाफ जब आप अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, तो आप भारत को अपमानित करते हैं. भारत की वर्तमान संकट के सामने पहचान का संकट खड़ा करते हैं. आपको इस प्रकार की गैर जिम्मेदाराना हरकतों से बचना चाहिए.
सीएम ने कहा कि भारत के विभाजन के आप दोषी हैं. भारत के नागरिकों के कत्लेआम को लेकर आपका परिवार दोषी है. भारत के लोकतंत्र को तोड़ने और उसका गला घोंटने का आपका परिवार दोषी है. आपके परिवार ने भारत के स्वतंत्रता सेनानियों का उचित सम्मान नहीं किया.












