नई दिल्ली। भारत में अगले साल यानी 2027 में कुल सात राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने है। इसके लिए राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी है। इसी सिलसिले में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी मुख्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में पार्टी के नए पदाधिकारियों, राज्यों के पार्टी अध्यक्षों और राज्य प्रभारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी की रणनीति तैयार करना था। बता दें कि अगले साल उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और हिमाचल प्रदेश सहित कुल सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
बैठक में युवाओं पर रहा पूरा फोकस
मिली जानकारी के अनुसार बैठक में विशेष रूप से युवाओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी के जनसंपर्क को और अधिक गहरा करने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने आगामी चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी की पांच घंटे की बैठक
गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भाजपा मुख्यालय का दौरा किया था और सभी 67 नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पांच घंटे से अधिक समय तक लंबी बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों के विचार सुने और उन्हें जनता के बीच अपनी पैठ और युवा जुड़ाव बढ़ाने के बहुमूल्य सुझाव दिए।












