लखनऊ। अमीनाबाद स्थित झंडे वाले पार्क में अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के 91वें बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी ने महज 32 वर्ष की उम्र में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी. अंग्रेजी हुकूमत के दौर में लखनऊ के पार्क में तिरंगा फहराने का साहस करने वाले गुलाब सिंह लोधी को अंग्रेजों ने गोलियों से भून दिया था.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी का जन्म वर्ष 1903 में उन्नाव के एक सामान्य किसान परिवार में हुआ था. बचपन से ही उनके मन में देश को अंग्रेजी हुकूमत से मुक्त कराने की भावना थी. इसी जज्बे के साथ उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की.
‘अंग्रेजों के समय में तिरंगा फहराना बड़ी चुनौती थी’
योगी ने कहा कि उस समय अंग्रेजों के शासन में सार्वजनिक स्थान पर तिरंगा फहराना बड़ी चुनौती थी. इसके बावजूद गुलाब सिंह लोधी ने लखनऊ के झंडे वाले पार्क में तिरंगा फहराने का साहस दिखाया. अंग्रेजों ने उन्हें गोलियों से भून दिया, लेकिन उनका बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन गया.
उन्नाव में उनके नाम पर पार्क और संस्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्नाव में पार्क, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा गया है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर बलिदानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है. ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को जीवंत रखने के लिए संस्थानों और योजनाओं का नाम उनके नाम पर रखा जा रहा है.
अवंतीबाई से ऊदा देवी तक, महापुरुषों को सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक न्याय के लिए योगदान देने वाले महापुरुषों के सम्मान में प्रदेश के कई संस्थानों का नामकरण किया गया है. वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर अलीगढ़ में स्टेडियम और बदायूं में पीएसी की नई बटालियन का नाम रखा गया है. इसी तरह लखनऊ में महिला पीएसी बटालियन का नाम वीरांगना ऊदा देवी और गोरखपुर में महिला पीएसी बटालियन का नाम वीरांगना कोरबाई के नाम पर किया गया है. औरैया के नए मेडिकल कॉलेज का नाम भी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया है.
महापुरुषों के स्मारकों के लिए 500 करोड़ मंजूर
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में करीब 500 करोड़ रुपये की धनराशि सामाजिक न्याय और देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों के सम्मान में स्वीकृत की है. इस राशि से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छज्जा लगाने, पार्क विकसित करने, निर्माण कार्य कराने और प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने जैसे कार्य किए जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आगे भी स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के सम्मान में इसी तरह के कार्य करती रहेगी. उन्होंने अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए दिया गया उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता.












