पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार (20 अगस्त 2026) को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और सुदृढ़ करने और सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. सीएम ने मॉडल स्कूलों यानी सरस्वती विद्या निकेतन में ‘अब एक अधिकारी-एक मॉडल स्कूल’ व्यवस्था पर जोर दिया है.
सरकारी स्कूलों में बदलेगा सिस्टम : बैठक में शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य में संचालित मॉडल स्कूलों (सरस्वती विद्या निकेतन) में किये गये शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने ई-लर्निंग एवं 24X7 इंटरैक्टिव डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के संबंध में विस्तृत जानकारी दी.
सीएम ने दिया ये निर्देश : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में संचालित मॉडल स्कूलों का बेहतर एवं प्रभावी संचालन हो, यहां की व्यवस्था विशिष्ट हो और यह अपने आप में अलग दिखे. मॉडल स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए.
“अधिकारियों को विद्यालयों से सीधे जोड़ते हुए ‘एक अधिकारी-एक मॉडल स्कूल’ की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि विद्यालयों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके. विद्यालयों का औचक निरीक्षण सुनिश्चित करें. विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रति दिन के कार्यों की रिपोर्टिंग मुख्यालय एवं जिला स्तर पर सुनिश्चित की जाय.”- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
प्रत्येक तीन माह पर होंगे PTM : मुख्यमंत्री ने मॉडल स्कूलों में प्रत्येक तीन माह पर अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और उनकी आवश्यकताओं पर अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच नियमित संवाद हो सके. उन्होंने मॉडल स्कूलों के पूर्व विद्यार्थियों के साथ संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया.
विद्यार्थियों को JEE-NEET की मुफ्त तैयारी : मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं. सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलना चाहिए.
ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म को प्रभावी बनाने का निर्देश : मुख्यमंत्री ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के ई-लर्निंग एवं 24X7 इंटरैक्टिव डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा, डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन तथा आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध करायें.
शिक्षा मंत्री नहीं थे मौजूद : बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे. बिहार में 551 मॉडल स्कूल बनाया जा रहे हैं. हर प्रखंड में कम से कम एक मॉडल स्कूल की स्थापना करने की सरकार की तैयारी है. मॉडल स्कूल को भगवा रंग से रंगने के कारण इस पर सियासत भी हो रही है. ऐसे मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में आज शिक्षा मंत्री मौजूद नहीं थे.












