गोरखपुर : गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि विवाद और राजस्व मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है. मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने दबंगों पर रास्ता रोकने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई. शिकायत सुनते ही सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल महिला को रास्ता दिलाने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अगर लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार किसी पात्र व्यक्ति को उसका रास्ता दिलाने में खुद को असमर्थ मानते हैं तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए. उन्होंने साफ किया कि भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
करीब 200 लोगों की सुनी समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले. वह स्वयं लोगों के पास पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं. लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, इलाज और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र सौंपे.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाए. उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति को अपने अधिकार के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें.
राजस्व मामलों में तय होगी जवाबदेही
भूमि विवादों से जुड़ी शिकायतों पर सीएम योगी ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा. जरूरत के मुताबिक मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच कर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए. लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
इलाज के लिए भी मदद का भरोसा
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भी मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया. उन्होंने अधिकारियों को पात्र जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि आयुष्मान योजना के बावजूद अतिरिक्त सहायता की जरूरत होने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए.
मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता के साथ कराया जाएगा.












