लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राजधानी में बसने का सुनहरा मौका बन कर सामने आई सौमित्र विहार योजना का इंतजार काफी दिनों से किया जा रहा है। योजना के तहत, लखनऊ में 5000 से अधिक प्लॉट काटने की योजना है, जिसका आकार 80 से 300 वर्ग मीटर तक रहेगा।
उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की यह आवासीय योजना लखनऊ के न्यू जेल रोड, गोसाईंगंज क्षेत्र में विकसित हो रही है, जो 560 एकड़ की एक विशाल एकीकृत स्मार्ट टाउनशिप है।
बता दें कि इस आवासीय योजना के तहत लखनऊ में आम आदमी के लिए किफायती दरों पर प्लॉट उपलब्ध होंगे। इस कारण ही घर बनाने की इच्छुक लोग योजना के खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
26 दिसंबर 2024 को उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद परिषद ने एलान किया था कि 13 जनवरी 2025 को प्रयागराज महाकुंभ में लखनऊ की नई जेल रोड आवासीय योजना सहित मेरठ, अयोध्या सहित कई अन्य योजनाएं शुरू की जाएंगी। मार्च 2025 को निदेशक मंडल की 270वीं बैठक में मोहनलालगंज नई जेल रोड टाउनशिप का नाम सौमित्र विहार योजना रखने पर बोर्ड ने मुहर लगाया था।
सौमित्र विहार योजना की पात्रता क्या है?
इस योजना के तहत खरीदार का उत्तर प्रदेश का निवासी होना जरूरी है। प्लॉट खरीदने वाले की उम्र 18 से 55 साल के बीच होनी चाहिए।
सौमित्र विहार के प्लॉट की कीमत कितनी है?
योजना में 5000 से अधिक भूखंड होंगे, जो 80 से 300 वर्ग मीटर तक के होंगे। पहले चरण में 2092 भूखंडों की बिक्री शुरू होनी है। भूमि का मूल्य 25 से 26 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर होने का अनुमान है।












