मथुरा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि संत समाज श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा को लेकर अभियान चलाएगा। कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद कार सेवा की तिथि घोषित की जाएगी। इसमें विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्मा शामिल होंगे। साथ ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आमंत्रित किया जाएगा।
निरंजनी अखाड़े में श्री चित्रगुप्त पीठ, वृंदावन के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद से मुलाकात के दौरान श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अब संत समाज श्रीकृष्ण जन्मभूमि को उसके वास्तविक स्वरूप में मुक्त कराने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह केवल भूमि का नहीं, बल्कि आस्था और अस्मिता से जुड़ा विषय है। उनके अनुसार, कार सेवा संतों के नेतृत्व में होगी, जिसमें विभिन्न अखाड़ों के आचार्य, महामंडलेश्वर और संत-महंत शामिल रहेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कार सेवा
डॉ. रविंद्रपुरी ने बताया कि कार सेवा कार्यक्रम की तिथि कांवड़ मेले के बाद घोषित की जाएगी। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत सच्चिदानंद, महंत राज गिरी सहित कई संत-महंत उपस्थित रहे।
राहुल और अखिलेश को भी देंगे निमंत्रण
कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। श्री चित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद अखाड़ा परिषद अध्यक्ष से विचार-विमर्श कर कार सेवा की तिथि तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित भैरव मंदिर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा तक कार सेवा यात्रा निकाली जाएगी।












