लखनऊ। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन को देखते हुए यूपी सरकार और यूपी पुलिस की तैयारियां जोरों पर हैं। सावन महीने में कावंड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं। इसको लेकर गुरुवार को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने भाजपा नेताओं और प्रशासनिक, पुलिस अफसरों के साथ बैठक की है। बैठक में यह तय किया गया कि सावन के महीने में मांस, मछली की दुकानें बरेली में बंद रहेंगी। आदेश न मानने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि पिछले साल की भांति इस साल भी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कराई जाएगी।
सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में मंत्री ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस बार बरेली में कांवड़ियों के 7000 जत्थे मौजूद रहेंगे। हर जत्थे पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बरेली के कांवड़ियो को कहीं भी किसी अन्य जिले में दिक्कत होती है तो बरेली की पुलिस से वह संपर्क करेगा और बरेली पुलिस उसकी हर संभव मदद करेगी। मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कई मार्ग टूटे-फूटे और ऊबड़-खाबड़ होने की शिकायतें मिली हैं। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि तीस जुलाई से पहले सारे मार्गों को दुरुस्त कर दिया जाए, जिससे कावड़ियों को कोई परेशानी न हो।
2017 से पहले मिलती थी लाठियां
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अब कांवड़ियों के ऊपर पुष्प वर्षा होती है, लेकिन सन 2017 से पहले कांवड़ियों पर लाठियां चलाई जाती थीं। उन्हें डीजे बजाने की भी अनुमति नहीं मिली थी, साथ ही किसी अन्य जगह पर जाने के लिए उन्हें पुलिस की अनुमति लेनी पड़ती थी।
12 फुट का होगा कांवड़
मंत्री ने कहा कि प्रशासन ने यह तय किया है कि कांवड़ 12 फुट का होगा, ये इसलिए किया गया है ताकि जो बिजली के तार ऊपर जा रहे हैं उनमें कांवड़ न छू जाए। मंत्री ने कहा कि बिजली विभाग के अफसरों को निर्देशित किया गया है कि जो भी झूलते हुए तार हैं उन सभी को दुरुस्त करा लिया जाए।
सोशल मीडिया की निगरानी
मंत्री ने कहा कि कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश करेंगे। इसके लिए पुलिस व प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उनसे कहा गया है कि सोशल मीडिया की भी रेगुलर मॉनीटरिंग कराई जाए बरेली का माहौल किसी भी सूरत में बिगड़ना नहीं चाहिए।












