कानपुर: कानपुर में बिना अनुमति के स्कूल में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाए जाने के मामले में पुलिस ने विधायक अमिताभ बाजपेयी के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है। महज 12 दिनों में 20 पन्नों की चार्जशीट में इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के तौर पर केक काटते वीडियो और वादी की गवाही को आधार बनाया है।
इसी सप्ताह चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक जुलाई को सपा विधायक ने बिना अनुमति सपा मुखिया का जन्मदिन मनाया था। स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के साथ उन्होंने केक काटा था। केक काटते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ जिसके बाद राजनीतिक गलियारे में हलचल मच गई। शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए अगले ही दिन प्रधानाध्यापक नवीन कुमार को निलंबित कर दिया था।
सपा विधायक के खिलाफ 20 पन्नों की चार्जशीट
जिसके बाद तीन जुलाई को प्रधानाध्यापक ने सपा विधायक के खिलाफ ग्वालटोली थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया गया कि विधायक ने न सिर्फ केक काटा बल्कि बच्चों को ड्रेस भी वितरित की। पुलिस ने सपा विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। ग्वालटोली थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया की 20 पन्नों की चार्जशीट तैयार कर ली गई है। अवलोकन के लिए अधिकारियों को भेजी गई है। अधिकारियों की संस्तुति के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
स्कूल उद्घाटन को लेकर भिड़े थे सपाई-भाजपाई
आपको बता दें इससे पहले स्कूल के उद्घाटन को लेकर सपाई और भाजपाई भिड़ गए थे। साप विधायक अमिताभ बाजपेई अपनी निधि से तीन स्मार्ट क्लास रूम बनवाने जा रहे हैं। इसका शिलान्यास 15 मई को प्रस्तावित था, जबकि 14 मई को सांसद को अपनी निधि से कुछ काम कराए जाने वाले कामों का शिलान्यास करना था। हालांकि सपा विधायक 13 मई को प्राथमिक विद्यालय पहुंच गए थे। इस पर आपत्ति जताते हुए भाजपाइयों ने हंगामा किया था। इससे पहले बुधवार को स्कूल अखाड़ा बन गया था। मजदूरों और सुपरवाइजर से मारपीट का भाजपा नेता सुरेश अवस्थी पर आरोप लगा तो सपा विधायक अमिताभ बाजपेई वहां पहुंच गए थे।
गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंची नौबत
इसके बाद दोनों के समर्थकों के बीच झड़प और हाथापाई हुई। सपा विधायक को भाजपा पार्षद और समर्थकों ने चप्पल दिखाई और अपशब्द कहे। अमिताभ धरने पर बैठे तो पुलिस उन्हें उठाकर ले जाने लगी तो भाजपाइयों ने धक्का दिया। किसी तरह पुलिस उनको बाहर लेकर निकली। जब स्कूल अखाड़ा बना हुआ था तो बच्चे वहां पढ़ रहे थे। इस दौरान सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने बताया था कि परमट में जर्जर प्राइमरी स्कूल को दो सालों से बनवाने कोशिश कर रहा हूं लेकिन इसके ठीक सामने भाजपा नेता सुरेश अवस्थी का घर है। वह इसमें पार्किंग बनवाना चाहते हैं।












