लखनऊ। यूपी के गोंडा जिले में ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए सार्वजनिक शौचालय,पंचायत भवन, आरआरसी सेंटर और ई-रिक्शा की बदहाल स्थिति पर पंचायत राज विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। डीपीआरओ जीडी जैन ने पंडरीकृपाल विकासखंड के 11 ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
खंड विकास अधिकारी पंडरीकृपाल की नौ जुलाई की निरीक्षण रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार कई सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से नहीं खुल रहे हैं। उनकी साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली और केयरटेकर का मानदेय समय से नहीं दिया जा रहा है। पंचायत भवन और ग्राम सचिवालय निर्धारित समय पर नहीं खुलने से ग्रामीणों को प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी सेवाएं लेने में परेशानी हो रही है। पंचायत सहायकों की उपस्थिति भी अनियमित पाई गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत बनाए गए रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) बंद पड़े हैं। कचरे का पृथक्करण और निस्तारण नहीं हो रहा है।
वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत खरीदे गए ई-रिक्शा भी उपयोग के बजाय खड़े मिले, जिससे घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। डीपीआरओ जीडी जैन ने ग्राम विकास अधिकारी अंकित वर्मा, सुनील यादव, राहुल चन्द्रा और ग्राम पंचायत अधिकारी सज्जाद खान, सुभाष चन्द्र पाण्डेय, विनय कुमार भारती, सरिता शुक्ला, नीलू सिंह, आलोक कुमार सिंह, रजनीश कुमार और अवधेश कुमार को नोटिस जारी किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी एक सप्ताह के भीतर फोटो और वीडियो सहित आख्या प्रस्तुत करें। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
छह ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों का चयन
वहीं गोंड जिले की छह ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/अकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है। डीपीआरओ जीडी जैन ने बताया कि जारी आदेश के अनुसार 13 जुलाई को डीएम की अध्यक्षता वाली समिति ने चयनित अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच कर उनके चयन को मंजूरी दे दी है। अब संबंधित ग्राम पंचायतों में अनुबंध की कार्रवाई कर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
डीपीआरओ ने बताया कि शासन के 25 जुलाई 2021 के आदेश के तहत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकों के औसत के आधार पर मेरिट सूची तैयार की गई। चयनित अभ्यर्थियों में बभनजोत की तुर्काडीहा से चेतना सिंह, छपिया के देवगांव से सुनीता वर्मा, झंझरी के भदुआ तरहर से अलीमा, जानकी नगर से रत्नेश कनौजिया, लक्ष्मनपुर हरवंश से संगीता यादव और छाछपारा मुतवल्ली से सुनैना शर्मा शामिल हैं। डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम प्रधानों को अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर कराकर उसे पंचायतीराज पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।












