लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Election 2027) को लेकर राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गई है. इसी कड़ी में देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की समन्वय समिति की एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी बैठक होने जा रही है. इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन और सरकार के बीच तालमेल को और मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.
सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम रहेंगे मौजूद
इस हाई-प्रोफाइल समन्वय बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) शामिल होने गाजियाबाद पहुंच रहे है. उनके साथ प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी इस महामंथन का हिस्सा बनेंगे.
संघ के बड़े पदाधिकारियों संग रणनीति पर चर्चा
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कई शीर्ष और बड़े पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. इस दौरान पश्चिम क्षेत्र के राजनीतिक व सामाजिक समीकरणों, जमीनी स्तर (बूथ मैनेजमेंट) पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार तथा संगठन के बीच ‘संवाद, समन्वय और संतुलन’ (Triple S) को बेहतर बनाने पर गहन चर्चा की जाएगी.
मिशन 2027′ को फतह करने का खाका
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक का मुख्य एजेंडा उत्तर प्रदेश में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करना है. आगामी चुनाव में विपक्ष की रणनीतियों को मात देने, सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकने के लिए संघ और भाजपा मिलकर एक साझा एक्शन प्लान तैयार करेंगे. गाजियाबाद में हो रही इस बैठक पर दिल्ली से लेकर लखनऊ तक की सियासी नजरें टिकी हुई हैं.












