लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के जेवर में ‘एम्बर और एसेंट-के सर्किट्स इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट’ के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। सीएम योगी ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तेजी से बढ़ते निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जेवर में जंगल राज था अब मंगल राज है। सीएम योगी ने दक्षिण कोरिया के साथ उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक संबंधों पर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोरियाई परंपरा के अनुसार, रानी हियो ह्वांग-ओक ही अयोध्या की राजकुमारी रत्ना थीं। उन्होंने समुद्र के रास्ते साउथ कोरिया की यात्रा की थी।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और दक्षिण कोरिया के बीच रहे ऐतिहासिक संबंध ही दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करते रहे हैं। कोरियाई इतिहास के अनुसार, उनकी रानी हियो अयोध्या की राजकुमारी रत्ना थीं। राजकुमारी रत्ना ने समुद्र के रास्ते कोरिया तक की यात्रा की थी। कोरिया की प्रथम महिला के उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान, हमने उनकी याद में अयोध्या में एक स्मारक पार्क बनाया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम कथा पार्क में कोरियाई रानी हियो ह्वांग-ओक के सम्मान में बने पत्थर के स्मारक का जिक्र किया। सरयू नदी के किनारे घाटों के पास बने इस स्मारक पर रानी हियो की कहानी लिखी है। सीएम ने कहा कि अयोध्या आने वाले दक्षिण कोरियाई राजदूत अक्सर साझी विरासत को याद करते हुए भावुक हो जाते थे। दोनों देशों के बीच ‘आध्यात्मिक रिश्ते’ को मजबूत करने की कोशिश करते थे।
निवेश से और मजबूत होंगे दक्षिण कोरिया से रिश्ते
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग केंद्र के तौर पर दक्षिण कोरिया का उभरना दिखाता है कि कैसे एक ‘आक्रामक रणनीति, प्रतिबद्धता और स्वअनुशासन’ किसी देश को बदल सकता है। अब पश्चिमी यूपी में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी परियोजनाओं में कोरियाई निवेश से आर्थिक रिश्ते और गहरे होंगे। यही नहीं इससे यूपी की स्थिति भी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेंटर के तौर पर मजबूत होगी।
कभी यूपी के जंगल राज वाले जेवर में आज मंगल राज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेरणादायी नेतृत्व (केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार) के कारण ही कभी यूपी का जंगल राज कहा जाने वाला जेवर आज मंगल राज के रूप में बदल गया है। प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से जेवर को शानदार एयरपोर्ट की सौगात मिली है। आज जेवर में बड़े-बड़े निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं। आज का निवेश शिलान्याश 6785 करोड़ रुपये का है। यह एम्बर ग्रुप और कोरिया सर्किट का संयुक्त प्रोजेक्ट है। आलम यह है कि आज दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग भी नोएडा में दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट चला रही है।












