लखनऊ: विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को वैश्विक टेक्नोलॉजी और निवेश जगत से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेंगलुरु दौरे के दौरान महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने गूगल क्लाउड के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) तरुण पंत और उनकी टीम के साथ विस्तृत बैठक कर एआई, डिजिटल गवर्नेंस, स्टार्टअप, एमएसएमई और निवेश के जरिए प्रदेश के विकास को नई गति देने पर चर्चा की।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के लिए रोजगार और अवसर सृजित करने, स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत बनाने तथा एमएसएमई क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए राज्य सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं को साझा किया।
एआई और टेक्नोलॉजी आधारित विकास पर चर्चा
गूगल क्लाउड की टीम के साथ हुई चर्चा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), क्लाउड टेक्नोलॉजी, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल गवर्नेंस के जरिए सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सरकारी सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनें।
बैठक में किसानों, युवाओं, स्टार्टअप्स, एमएसएमई इकाइयों और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए नवाचार आधारित समाधानों पर भी चर्चा हुई।
गूगल ने जताई साझेदारी की इच्छा
गूगल टीम के प्रतिनिधियों ने बैठक को सकारात्मक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि एआई और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से विकास लक्ष्यों को तेजी से हासिल करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ काम करने के अवसर को लेकर कंपनी उत्साहित है।
गूगल इंडिया ने कहा कि वह भारत के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तर प्रदेश के साथ साझेदारी कर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।
वैश्विक निवेशकों से भी हुआ संवाद
बेंगलुरु दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और दुनिया की कई प्रमुख निवेश एवं टेक्नोलॉजी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इनमें वेस्टब्रिज कैपिटल के मैनेजिंग पार्टनर संदीप सिंघल, एक्सेल पार्टनर्स के प्रशांत प्रकाश, इनमोबी के संस्थापक पीयूष शाह, यूलू के संस्थापक अमित गुप्ता, एनवीडिया दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक विशाल धूपर, सर्वानएआई और ब्लैकस्टोन के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल रहे।
बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, नवाचार, एआई, स्टार्टअप इकोसिस्टम और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
निवेश और नवाचार का उभरता केंद्र बन रहा यूपी
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल नीतियों की सराहना की। उन्होंने राज्य को देश के सबसे संभावनाशील निवेश और नवाचार केंद्रों में से एक बताया।
एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक गलियारों, डिजिटल सेवाओं और निवेशक-अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश लगातार निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। गूगल और वैश्विक निवेशकों के साथ हुए इस संवाद को प्रदेश को टेक्नोलॉजी, एआई, स्टार्टअप और रोजगार सृजन का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












