लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास की प्रक्रिया न रुकेगी, न थमेगी, बल्कि निरंतर आगे बढ़ती रहेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है. मोदी जी ने अलीगढ़ के लिए डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की स्वीकृति देकर जनपद को नई दिशा दी है. अब अलीगढ़ रक्षा उत्पादन व आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा. सीएम योगी ने राष्ट्रनायक राजा महेंद्र प्रताप सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री स्व.कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि भी अर्पित की.
सोमवार को मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ एवं कोल तथा नगर निगम की 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को संबोधित किया. इस दौरान सीएम ने जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. साथ ही सीएम योगी ने इन विकास योजनाओं के लिए जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद और अलीगढ़ के लोगों को बधाई भी दी.
‘विकास परियोजनाओं की समीक्षा करने अवसर हुआ प्राप्त’- CM
मुख्यमंत्री ने कहा, आज अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं की समीक्षा करने, नए विकास कार्यों को स्वीकृत करने तथा मौजूदा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त हुआ है. बाबा खेरेश्वर महादेव, बाबा अखिलेश्वर महादेव और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े सभी पौराणिक स्थलों ने अलीगढ़ को एक अलग पहचान दी है.
राष्ट्रनायक राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1915 में अफगानिस्तान से भारत की निर्वाचित सरकार का गठन कर आजादी का शंखनाद किया था. सीएम योगी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं बीजेपी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह (बाबूजी) का स्मरण करते हुए कहा कि एक सामान्य किसान परिवार में जन्म लेकर उन्होंने स्वतंत्र भारत में अलीगढ़ को नई पहचान दिलाने का कार्य किया.
PM ने अलीगढ़ में डिफेंस कॉरिडोर को मंजूरी देकर दी नई दिशा
सीएम योगी ने कहा, कोल और नगर विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं का बड़ा उपहार मिला है. कारीगरों व हस्तशिल्पियों के परिश्रम व दूरदर्शिता ने अलीगढ़ को पहले ताला नगरी और बाद में विश्वस्तरीय हार्डवेयर उद्योग केंद्र के रूप में स्थापित किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ के लिए डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की मंजूरी देकर जनपद को नई दिशा दी है.
अब अलीगढ़ रक्षा उत्पादन व आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा. देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक हथियारों व उपकरणों के निर्माण में अलीगढ़ अपनी क्षमता का परिचय देने के लिए तैयार है. अलीगढ़ में विकास की प्रक्रिया रुकेगी नहीं, थमेगी नहीं, यह अनवरत आगे बढ़ेगी.
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य पूरा
मुख्यमंत्री के कहा, अलीगढ़ की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है और वहां तेजी से नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए समग्र विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है.
अकेले अलीगढ़ क्षेत्र के लिए लोक निर्माण विभाग की लगभग 2800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है. इसके अलावा भारत सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से 6-लेन हाईवे का निर्माण तेजी से चल रहा है. रिंग रोड, फ्लाईओवर, पॉलिटेक्निक, अस्पताल, कॉलेज और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं.
‘विकास कार्य तभी संभव, जब जनता योग्य जनप्रतिनिधियों को चुने’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे विकास कार्य तभी संभव होते हैं, जब जनता योग्य जनप्रतिनिधियों को चुनती है, जिनके पास विकास का स्पष्ट दृष्टिकोण होता है. विकास को अपने जीवन का हिस्सा बनाने वाले लोग ही विकास के लिए प्रभावी ढंग से कार्य कर सकते हैं. डबल इंजन सरकार इसी विजन को मजबूती से आगे बढ़ा रही है. आज अलीगढ़ के दोनों (कोल व नगर) विधानसभा क्षेत्रों में 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 85 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है.
PM मोदी के विजन ‘विकास और विरासत’ को बढ़ाना होगा आगे
सीएम ने कहा कि विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर चलने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना होगा. विकास के साथ सुरक्षा व नागरिक सुविधाओं का विस्तार भी उतना ही महत्वपूर्ण है. आज राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के निरीक्षण का भी अवसर प्राप्त हुआ और वहां चल रहे विकास कार्यों को देखने का मौका मिला.
मैं जनता को आश्वस्त करने आया हूं कि विकास योजनाएं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार आगे बढ़ती रहेंगी. लखनऊ अग्निकांड को लेकर सीएम योगी बोले कि वह लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं. विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वह फिर अलीगढ़ का दौरा करेंगे. इस दौरान सभी प्रभारी मंत्री और जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे.










