नई दिल्ली। तमिलनाडु में ऐतिहासिक जीत हासिल करके मुख्यमंत्री पद पर बैठे थलपित विजय अब राज्य के शराबियों पर मेहरबान होने वाले हैं। सरकार अब राजस्व बढ़ाने और लोगों को बेहतर शराब के विकल्प उपलब्ध करवाने के लिए विदेशी ब्रांड्स को भी राज्य में एंट्री देने की तैयारी कर रही है। बता दें, पिछले काफी समय से तमिलनाडु में शराब के क्षेत्र में स्थानीय कंपनियों का ही प्रभुत्व था। विजय सरकार अब इनके प्रभुत्व को तोड़ने और राजस्व को बढ़ाने के लिए विदेशी कंपनियों के लिए इस क्षेत्र को खोलने की योजना बना रही है।
तमिलझा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार द्वारा लाए गए इस प्रस्ताव का उद्देश्य शराब से आने वाले टैक्स को बढ़ाना और प्रदेश के शराबियों के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है। अभी तक कई ऐसी रिपोर्ट्स सामने आती थीं कि तमिलनाडु में विदेशी ब्रांड्स की अनुपलब्धता की वजह से राज्य के लोग पड़ोसी राज्यों से शराब खरीद कर लाते थे। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि इस प्रवृत्ति से सरकार को पिछले काफी समय से राजस्व की हानि हो रही थी। राज्य के लोग ज्यादा ब्रांड्स के लिए बेंगलुरु और पुदुचेरी की यात्रा कर रहे थे। विजय सरकार इसी राजस्व को बचाने और शराब के ग्राहकों के अनुभव को सुधारने के लिए यह फैसला लेने वाली है।
बता दें, तमिलनाडु में शराब बाजार पर स्थानीय ब्राड्ंस का प्रभुत्व ज्यादा है। यहां सरकारी दुकानों पर विदेशी ब्रांड की शराब नहीं मिलती है। हालांकि, भारत में बनने वाली व्हिस्की और अन्य शराब मिल जाती है। लेकिन विदेशों से आयतित और महंगी शराब सरकारी दुकानों पर नहीं मिलती है। इसके लिए आपको आमतौर पर पब में जाना पड़ता है। सरकार इसी अंतर को खत्म करने की तैयारी कर रही है।
शराब व्यापार पर ज्यादा कंट्रोल की तैयारी में विजय सरकार
रिपोर्ट्स के मुताबिक तमिलनाडु सरकार राज्य में शराब वितरण प्रणाली को पूरी तरह से बदलने पर विचार कर रही है। इसके तहत तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) द्वारा संचालित होने वाली दुकानों को अपग्रेड किया जाएगा। इसके अलावा इन दुकानों को नियम पालन के लिए भी सख्ती की जाएगी। एक अधिकारी ने बताया,”तमिलनाडु में दुकानों के माहौल को बेहतर बनाया जाएगा। ताकि ग्राहकों की खरीदारी के अनुभव को बेहतर बनाया जाएगा।” बता दें सरकार पिछले कुछ समय में 717 सरकारी शराब दुकानों पर ताले डाल चुकी है। इसकी वजह से करोड़ों रुपए के राजस्व की हानि हुई है। इसकी भरपाई करने के लिए ही सरकार की तरफ से यह फैसला लिया जा रहा है।
शराब बिक्री को लेकर सख्त विजय सरकार
एक तरफ विजय सरकार शराब से राजस्व कमाने के लिए लोगों को बेहतर विकल्प देने की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी तरफ वह सरकार शराब बिक्री नियमों में सख्ती बरतने की तैयारी में हैं। तमिलनाडु सरकार की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में सरकार राज्य में नशा मक्त, स्वस्थ और सामाजिक रूप से जिम्मेदार वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इतना ही नहीं सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य में शराब वितरण नियमों का कड़ाई से पालन होना चाहिए।










