संभल : समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के इलाके में प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भागीरथी तीर्थ की भूमि से अवैध कब्जे हटवाए. जिलाधिकारी के निर्देश पर दो बुलडोजरों की मदद से अतिक्रमण ध्वस्त किया गया. कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. प्रशासनिक टीम ने कुछ अन्य अवैध निर्माण चिन्हित करके कार्रवाई की चेतावनी दी है.
जानकारी देते सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार
संभल के रायसत्ती थाना क्षेत्र में हुए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. इस दौरान भागीरथी तीर्थ की भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे को बुलडोजर से हटा दिया गया. अचानक हुई कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप की स्थिति रही.
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मंगलवार को रायसत्ती क्षेत्र का भ्रमण किया था. भ्रमण के दौरान उनके संज्ञान में आया कि भागीरथी तीर्थ के समीप स्थित कुंड के आसपास काफी गंदगी और अतिक्रमण है. जिलाधिकारी के निर्देश के बाद बुधवार को नगर पालिका के दो बुलडोजरों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. इसके अलावा कुंड के आसपास सफाई कराई गई. फिलहाल अतिक्रमण अस्थायी प्रकृति का था. अन्य स्थानों को भी चिन्हित करके जल्द ही अवैध कब्जे हटाए जाएंगे.










