लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपराधियों, गो-तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। सीएम योगी ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि उत्तर प्रदेश की धरती पर गो-तस्करी और गो-हत्या करने वालों का अंजाम बेहद बुरा होगा। इसके साथ ही उन्होंने गाजियाबाद में हुए चर्चित ‘सूर्या मर्डर केस’ का जिक्र करते हुए अपराधियों को चेतावनी दी कि दोस्ती की आड़ में की जाने वाली गुंडागर्दी और चाकूबाजी को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
‘गाय पशु नहीं, हमारी माता है’
मुख्यमंत्री ने हाल ही में कुछ मौलवी-मौलानाओं द्वारा गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग वाले बयानों पर तीखा तंज कसा। सीएम योगी ने कहा, ‘मैं इस समय एक नया चलन देख रहा हूं। तमाम मौलवी-मौलाना बयान दे रहे हैं कि गाय को राष्ट्रमाता घोषित किया जाए।’ योगी बोले- अरे, गाय हमारी माता है और हमारा उससे जन्म-जन्म का नाता है। मां और पुत्र के पवित्र रिश्ते के बीच में क्या किसी सरकारी घोषणा की आवश्यकता पड़ती है?
बकरीद पर गाय की फोटो लगाकर बधाई… यह दोगलापन
सीएम योगी ने कुछ लोगों की दोहरी राजनीति पर हमला बोलते हुए कहा, ‘यह पूरी तरह से दोगलापन है। एक तरफ तो ये लोग गो-तस्करी और गो-हत्या करने वालों को संरक्षण (आश्रय) देते हैं, और दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर गाय की फोटो लगाकर बकरीद की बधाई दे रहे थे। बकरीद के मौके पर कैसी-कैसी हरकतें की जा रही थीं, यह सबने देखा है। मैं साफ कह रहा हूं, अपने चेले-चपाटों को समझा लो, वरना उत्तर प्रदेश में गो-हत्या का अंजाम क्या होता है, यह सब जानते हैं। ऐसी कार्रवाई होगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी।’
गाजियाबाद के सूर्या मर्डर पर बड़ा बयान
गाजियाबाद में पिछले दिनों दोस्ती की आड़ में हुई सूर्या नाम के युवक की नृशंस हत्या पर मुख्यमंत्री ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ‘आपने गाजियाबाद में देखा होगा कि किस तरह दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी की वारदात को अंजाम दिया गया। अगर कोई माता-पिता अपनी नालायक औलाद को समय रहते नहीं समझा पा रहे हैं, तो वे बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं। दोस्ती के नाम पर पीठ में चाकू घोंपना और गुंडागर्दी करना यूपी में कतई स्वीकार नहीं होगा।’










